जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने की सातवीं बरसी के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी बीच बुधवार को जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से अमरनाथ यात्रा को एहतियातन एक दिन के लिए रोक दिया गया। इस दौरान किसी भी श्रद्धालु जत्थे को आगे रवाना नहीं किया गया।
हालांकि प्रशासन ने यात्रा स्थगित करने के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन सरकारी सूत्रों के अनुसार मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार सुबह जम्मू स्थित भगवती नगर बेस कैंप से किसी भी नए जत्थे को पहलगाम (अनंतनाग) और बालटाल (गांदरबल) स्थित आधार शिविरों के लिए रवाना होने की अनुमति नहीं दी गई।
इसके साथ ही सुरक्षा कारणों से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा बलों के काफिलों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से रोक दी गई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरत रही हैं।






