अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की सराहना की है। हालांकि, भारत अभी भी अमेरिका की अवैध ड्रग्स के उत्पादन और ट्रांजिट से जुड़े प्रमुख देशों की सूची में शामिल है।
अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में राष्ट्रपति ट्रंप के हवाले से भारत के प्रयासों का स्वागत किया गया। बयान में कहा गया, “मैं अवैध अफीम की खेती से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार के प्रयासों का स्वागत करता हूं।”
ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका और भारत के बीच ड्रग पॉलिसी के क्षेत्र में सहयोग को आगे भी जारी रखने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि अमेरिका-भारत ड्रग पॉलिसी फ्रेमवर्क के जरिये हमारा सहयोग आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी से जुड़े देशों को लेकर अपनी नीतियों और सहयोग की समीक्षा करता रहा है। भारत और अमेरिका के बीच ड्रग नियंत्रण से जुड़े मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग भी जारी है।






