कर्नाटक की स्कूली छात्राओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के सरकारी ही नहीं, बल्कि सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में भी कक्षा 6 से 12 तक पढ़ने वाली छात्राओं को मुफ्त सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार ने इसे अनिवार्य कर दिया है। साथ ही आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
दरअसल, कर्नाटक के स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में नया सर्कुलर जारी किया है। इसके तहत सभी स्कूलों और प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों को निर्धारित मानकों के अनुसार बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी नैपकिन मुफ्त उपलब्ध कराने होंगे। सरकार ने निर्देश दिया है कि छात्राओं की सुविधा के लिए लड़कियों के शौचालयों में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाई जाए। अगर किसी संस्थान में तत्काल मशीन लगाना संभव नहीं है, तो एक निर्धारित स्थान या जिम्मेदार अधिकारी के माध्यम से नैपकिन उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी होगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी स्कूलों में आदेश का पालन नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापकों और निजी स्कूलों में प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, स्कूलों को तीन महीने के भीतर मेंस्ट्रुअल हाइजीन मैनेजमेंट कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां छात्राओं के लिए अतिरिक्त अंडरगारमेंट्स, यूनिफॉर्म और डिस्पोजेबल बैग जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सरकार ने स्कूलों में लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालय, साफ पानी, हाथ धोने की सुविधा और सैनिटरी कचरे के सुरक्षित निपटान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है। जिला शिक्षा अधिकारियों को हर साल स्कूलों का निरीक्षण करना होगा और छात्राओं से गोपनीय फीडबैक भी लेना होगा।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 30 जनवरी 2026 को दिए अपने फैसले में मासिक धर्म संबंधी स्वच्छता को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और गरिमा के अधिकार से जोड़ा था। अदालत ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्कूलों में मुफ्त सैनिटरी नैपकिन और जरूरी स्वच्छता सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
कर्नाटक सरकार का यह कदम स्कूलों में छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
#Karnataka #KarnatakaGovernment #SanitaryNapkins #FreeSanitaryPads #SchoolEducation #MenstrualHygiene #GirlsEducation #SupremeCourt #IndiaNews #EducationNews






