देश में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ड्रग्स के अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों में MBA और B.Tech जैसी उच्च शैक्षणिक डिग्री हासिल करने वाले युवा भी शामिल हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी NCB और अमेरिका की ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन यानी DEA ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
‘ऑपरेशन मानसून थंडर’ के तहत भारत के कई शहरों में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क भारत से अमेरिका तक प्रतिबंधित दवाओं और ओपिओइड्स की अवैध सप्लाई से जुड़ा हुआ था। एजेंसियां अब आरोपियों के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में तेलंगाना का 27 वर्षीय टी मनोज शामिल है। उसके पास कंप्यूटर साइंस में B.Tech की डिग्री है और वह अमेरिका में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहा था। आरोप है कि जनवरी 2024 में उसे ड्रग्स से जुड़े एक मामले में अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था।
वहीं, लखनऊ के रहने वाले 30 वर्षीय टीडी जायसवाल के पास MBA की डिग्री है। जांचकर्ताओं के अनुसार, उसका फार्मेसी और कपड़ों के कारोबार से भी संबंध था। इसके अलावा लखनऊ की 32 वर्षीय आरती सोनी गणित में ग्रेजुएट है और कॉरपोरेट इवेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम कर चुकी है। कोलकाता के 28 वर्षीय ए मुत्तलिब के पास इंजीनियरिंग की डिग्री है। अन्य आरोपियों में डीके तिवारी और जसवंत भी शामिल हैं।
कैसे काम करता था अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क?
जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए अमेरिका में ग्राहकों को Xanax, Ativan, Tramadol, Valium और Ambien जैसी नियंत्रित दवाओं की सप्लाई की जा रही थी। भारतीय आरोपी कथित तौर पर Telegram, Skype और WhatsApp जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे और ऑर्डर प्राप्त करते थे।
इसके बाद अमेरिका में मौजूद नेटवर्क के दूसरे सदस्य इन दवाओं को पोस्ट और डिलीवरी सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाते थे। यानी इस पूरे नेटवर्क में भारत और अमेरिका में बैठे लोगों की अलग-अलग भूमिकाएं थीं।
इस अवैध कारोबार में पैसों का लेन-देन भी डिजिटल माध्यमों से किया जाता था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, Venmo, UPI, दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल भुगतान के लिए किया जाता था।
पांच लाख टैबलेट और 59 हजार से ज्यादा ग्राहकों का रिकॉर्ड
NCB की जांच में सामने आया है कि जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच इस नेटवर्क ने अमेरिका में करीब 3,000 पार्सल भेजे, जिनमें लगभग पांच लाख टैबलेट शामिल थीं।
इतना ही नहीं, जांच एजेंसियों को 59 हजार से अधिक ग्राहकों का डेटाबेस भी मिला है। इसमें ग्राहकों के लेन-देन, पुराने पार्सल, डिलीवरी एड्रेस, USPS ट्रैकिंग आईडी और दवाओं से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं। इस डेटाबेस को आगे की जांच के लिए अमेरिकी एजेंसी DEA के साथ साझा किया गया है।
भारत-अमेरिका की संयुक्त कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन में भारत की NCB और अमेरिका की DEA ने मिलकर कार्रवाई की। 4 से 13 नवंबर के बीच हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ समेत कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इसके बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस संयुक्त अभियान की सफलता पर NCB और अमेरिकी DEA को बधाई दी है। वहीं, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इसे दोनों देशों के बीच मजबूत सहयोग का उदाहरण बताया है।
फिलहाल जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, विदेशों में मौजूद संपर्कों और अवैध कमाई के रास्तों का पता लगाने में जुटी हैं।
इस पूरे मामले ने एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है कि उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद भी कुछ युवा अपनी तकनीकी और व्यावसायिक समझ का इस्तेमाल गैरकानूनी गतिविधियों में क्यों कर रहे हैं। MBA और B.Tech जैसी डिग्रियां हासिल करने वाले युवाओं का कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी में शामिल होना चिंता का विषय है।
अब देखना होगा कि NCB और DEA की आगे की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े कितने और चेहरे बेनकाब होते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले इस कथित ड्रग्स कारोबार पर किस तरह लगाम लगाई जाती है।
#DrugTrafficking #NCB #DEA #OperationMonsoonThunder #InternationalDrugRacket #DrugSmuggling #MBAGraduate #BTechGraduate #IndiaUSRelations #CrimeNews #DrugMafia #BreakingNews






