मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य अभियान के बीच विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन की लंबी तैनाती ने जहाज पर मौजूद नाविकों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ नाविकों ने समुद्र में कूदने की कोशिश की या ऐसा करने का विचार व्यक्त किया। सैन्य परिवारों और अमेरिकी सांसदों ने जहाज पर काम करने वाले जवानों की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
करीब 5,000 नाविक और मरीन तैनात
नेवी टाइम्स और स्टार्स एंड स्ट्राइप्स की रिपोर्टों के अनुसार, यूएसएस अब्राहम लिंकन पर करीब 5,000 नाविक और मरीन तैनात हैं। जहाज ने लगातार 250 दिन से अधिक समय समुद्र में बिताया है। जुलाई में ही यह 207 लगातार दिनों तक समुद्र में रहने का रिकॉर्ड बना चुका था। लंबे समय तक घर और परिवार से दूर रहने तथा लगातार सैन्य अभियानों के बीच क्रू पर शारीरिक और मानसिक दबाव बढ़ने की बात सामने आई है।
ईरान अभियान के कारण बढ़ी तैनाती
यूएसएस अब्राहम लिंकन की तैनाती मूल रूप से सीमित अवधि के लिए थी, लेकिन ईरान से जुड़े अमेरिकी सैन्य अभियानों के कारण इसका मिशन लगातार बढ़ता गया। अमेरिकी नौसेना के अनुसार, जहाज अरब सागर में अमेरिकी अभियानों के समर्थन में सक्रिय रहा है। रिपोर्टों में बताया गया है कि लंबी तैनाती के कारण जहाज के चालक दल को पर्याप्त राहत और परिवार से संपर्क का समय नहीं मिल पा रहा है।
परिवारों ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता
द गार्जियन और द हिल समेत अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में कई ऐसी घटनाओं का उल्लेख किया गया है, जिनमें नाविकों द्वारा समुद्र में कूदने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। कम से कम एक मामले में दूसरे क्रू मेंबर ने नाविक को ऐसा कदम उठाने से रोकने की कोशिश की। परिवारों ने नौसेना के अधिकारियों के सामने जवानों की मानसिक स्थिति और लंबे समय तक समुद्र में रहने से पैदा हो रहे तनाव का मुद्दा उठाया है।
परिवारों और सांसदों ने उठाए सवाल
सैन डिएगो में नौसेना अधिकारियों के साथ हुई बैठक में करीब 200 सैन्य परिवारों ने अपने परिजनों की स्थिति को लेकर चिंता जताई। परिवारों ने लंबे समय तक तैनाती, जहाज पर सुविधाओं और मानसिक स्वास्थ्य सहायता से जुड़े मुद्दे उठाए। अमेरिकी सांसदों ने भी हालात पर चिंता जताते हुए नौसेना नेतृत्व से जवानों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की मांग की है।
यह घटनाक्रम अमेरिकी नौसेना में लंबे समय तक चलने वाली तैनाती के दौरान जवानों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्य परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। यूएसएस अब्राहम लिंकन की तैनाती आधुनिक समय में किसी अमेरिकी विमानवाहक पोत की सबसे लंबी लगातार समुद्री तैनातियों में शामिल हो गई है।
#USSAbrahamLincoln #USNavy #USMilitary #MiddleEast #IranWar #USNavySailors #MentalHealth #MilitaryNews #AircraftCarrier #USNews






