स्विट्जरलैंड के पूर्वी कैंटन ग्राउबुंडेन में गुरुवार को एक पर्यटक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कई लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
सुश और जेर्नेज के बीच हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, बस दुर्घटना सुश गांव के पास हुई। स्विस ब्रॉडकास्टर एसआरएफ की रिपोर्ट के अनुसार, हादसा सुश और जेर्नेज गांव के बीच सड़क पर हुआ।
डच मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस में नीदरलैंड के पर्यटक सवार थे। बताया गया है कि बस में डच टूर ऑपरेटर ओएडी के ग्राहक मौजूद थे। डच अखबार डी टेलीग्राफ के अनुसार, बस में 48 लोग सवार थे, हालांकि पुलिस ने अभी इस संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कई हेलीकॉप्टरों की मदद से राहत अभियान
ग्राउबुंडेन कैंटन पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों और अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें कई हेलीकॉप्टरों को भी लगाया गया।
डच ट्रैवल एसोसिएशन एएनवीआर की प्रवक्ता ने पुष्टि की कि हादसे में डच पर्यटक शामिल हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना में कितने लोगों की मौत हुई है या कितने घायल हुए हैं।
अधिकारियों की ओर से हादसे में हताहतों की संख्या और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।





