शहर के कृष्णापुर इलाके में एक विशाल बोल्डर के टूटकर आबादी क्षेत्र के करीब पहुंच जाने से लोगों में भय का माहौल बन गया। संभावित खतरे के चलते स्थानीय निवासियों ने पूरी रात दहशत में गुजारी। मंगलवार दोपहर 12 बजे तक भी कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गुस्साए क्षेत्रवासियों ने हल्द्वानी रोड पर चक्का जाम कर विरोध जताया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में प्रशासन द्वारा मांगें मानने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।
खतरे की जद में लोग
जानकारी के अनुसार, कृष्णापुर क्षेत्र में लंबे समय से एक विशाल बोल्डर खतरा बना हुआ था, जो हाल ही में आंशिक रूप से टूटकर रिहायशी इलाके के करीब आ गया। इस घटना में एक कार और दो दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, बचा हुआ हिस्सा अभी भी इलाके के लिए खतरा बना हुआ है।
घटना के बाद रात में ही तहसील प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे और जोखिम वाले क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। कई परिवारों ने अपने घर छोड़कर पास स्थित गुफा महादेव मंदिर की धर्मशाला में शरण ली और वहीं रात बिताई।
तहसीलदार ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया था कि उनके भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी प्रशासन उठाएगा।
#Kishnapur #BoulderIncident #HaldwaniRoad #UttarakhandNews #Protest #LocalNews #BreakingNews






















