न्यूयॉर्क के मशहूर मेट्रोपॉलिटन ओपेरा हाउस के मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के लिए ऑडिशन अनिवार्य है। खास बात यह है कि यह नियम सिर्फ इंसानी कलाकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि मंच पर नजर आने वाले जानवरों पर भी लागू होता है।
महान संगीतकार वोल्फगैंग अमाडियस मोजार्ट के एक क्लासिक ओपेरा में कुछ पलों के लिए मंच पर नजर आने वाले सांप की भूमिका के लिए भी बाकायदा ऑडिशन आयोजित किया गया। इस भूमिका के लिए सही सांप का चयन करने की जिम्मेदारी जोई जिगफेल्ड को सौंपी गई है। पूर्व कार्निवल कलाकार जोई इस ओपेरा में स्नेक हैंडलर की भूमिका निभा रही हैं।
मंच की रोशनी से पहले सांपों की परीक्षा
ऑडिशन के दौरान जोई जिगफेल्ड ने एक-एक सांप के व्यवहार और स्वभाव को बारीकी से परखा। उन्होंने सांपों को अपने शरीर पर लपेटकर और सिर के ऊपर उठाकर देखा, ताकि यह समझा जा सके कि मंच की तेज रोशनी और दर्शकों के सामने वे किस तरह प्रतिक्रिया करेंगे।
जोई ने हर सांप की आंखों में देखकर उसके मिजाज और बर्ताव का आकलन किया। दरअसल, मंच पर सांप की मौजूदगी महज कुछ क्षणों की होगी, लेकिन उस दौरान उसका शांत और नियंत्रित व्यवहार बेहद महत्वपूर्ण है।
इस तरह न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित मेट्रोपॉलिटन ओपेरा के मंच तक पहुंचने से पहले एक सांप को भी इंसानी कलाकारों की तरह अपनी ‘ऑडिशन परीक्षा’ से गुजरना पड़ा।




