दिवंगत कवयित्री मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला ने अमरमणि त्रिपाठी को किसी भी राजनीतिक दल में शामिल किए जाने या आगामी चुनाव में टिकट दिए जाने की स्थिति में आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
महाराजगंज जिले की फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त की ओर से अमरमणि त्रिपाठी को कांग्रेस में शामिल किए जाने को लेकर दिए गए बयान के बाद निधि शुक्ला ने इसका विरोध जताया है।
निधि शुक्ला ने कहा कि वर्ष 2004 में हुए मधुमिता शुक्ला हत्याकांड के बाद उन्होंने न्याय की मांग को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी। उनका कहना है कि इस संघर्ष के दौरान उन्हें कांग्रेस नेतृत्व से न्याय की उम्मीद थी, लेकिन अब अमरमणि त्रिपाठी को कांग्रेस में शामिल किए जाने की चर्चा से वह बेहद आहत हैं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी या कांग्रेस में से किसी भी दल ने अमरमणि त्रिपाठी को अपनी पार्टी में शामिल किया या उन्हें चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया, तो वह संबंधित राजनीतिक दल के राष्ट्रीय कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगी।
निधि शुक्ला ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह अनशन भी करेंगी। उन्होंने राजनीतिक दलों से अमरमणि त्रिपाठी को लेकर किसी भी तरह का फैसला लेने से पहले मधुमिता शुक्ला हत्याकांड और उनके परिवार के लंबे न्याय संघर्ष को ध्यान में रखने की अपील की।






