केंद्रीय अफ्रीका के कुछ देशों में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की है। यह सतर्कता कदम डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान में सामने आए इबोला आउटब्रेक के मद्देनजर उठाया गया है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों से अपील की है कि वे जारी की गई एडवाइजरी का पालन करें और किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य लक्षण दिखने पर तुरंत संबंधित हेल्थ डेस्क या स्वास्थ्य अधिकारी को सूचित करें।
जारी एडवाइजरी के अनुसार, प्रभावित देशों से आने वाले या वहां से ट्रांजिट करने वाले यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी यात्री में बुखार, अत्यधिक कमजोरी, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, दस्त, गले में खराश या असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे तुरंत एयरपोर्ट हेल्थ डेस्क को सूचित करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा, यदि किसी यात्री को संदेह है कि वह इबोला संक्रमित व्यक्ति के रक्त या शारीरिक द्रव के संपर्क में आया है, तो उसे इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी करने से पहले ही इसकी जानकारी देनी होगी।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि यात्रा के 21 दिनों के भीतर यदि ऐसे किसी भी लक्षण का अनुभव होता है, तो व्यक्ति को तुरंत नजदीकी चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए और अपनी पूरी यात्रा इतिहास (ट्रैवल हिस्ट्री) साझा करनी चाहिए।
#EbolaAlert #IGIAirport #HealthAdvisory #InternationalTravel #EbolaVirus #AirportSafety #TravelAlert #PublicHealth #DelhiAirport #DiseaseControl








