धर्मनगरी अयोध्या में गुरुवार सुबह सरयू नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बस्ती जिले से दर्शन-पूजन के लिए आए पांच दोस्तों में से तीन युवक नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गए। घटना सुबह करीब 6:55 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार निवासी पांच युवक गुरुवार तड़के अयोध्या पहुंचे थे। सुबह सभी दोस्त सरयू नदी के घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तीन युवक संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते वे तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए।
घटना के समय मौजूद बाकी दो दोस्तों ने युवकों को बचाने की कोशिश की और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन तब तक तीनों युवक नदी की लहरों में ओझल हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। जल पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक लापता युवकों का कोई पता नहीं चल सका था।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर जैसे ही पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार पहुंची, इलाके में मातम पसर गया। लापता युवकों अभिषेक गुप्ता, अमित और राज गुप्ता के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग तत्काल अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, बस्ती और अयोध्या पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय के साथ आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।
#Ayodhya #SaryuRiver #AyodhyaNews #Basti #UPNews #BreakingNews #RescueOperation #SaryuGhat #UttarPradesh #HindiNews























