उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने युवाओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इसी रणनीति के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में हरिद्वार से ऋषिकेश तक पैदल कांवड़ यात्रा आयोजित की जा रही है। पार्टी इस यात्रा को अपने युवा संपर्क अभियान का अहम हिस्सा मान रही है।
हरिद्वार से ऋषिकेश तक निकली कांवड़ यात्रा
7 अगस्त की सुबह हरिद्वार से शुरू हुई यह कांवड़ यात्रा शाम तक ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम स्थित शिव गंगा घाट पहुंचेगी। यात्रा में उत्तराखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से आए भाजयुमो कार्यकर्ता और युवा शामिल हो रहे हैं।
यात्रा की शुरुआत से पहले तेजस्वी सूर्या ने हरिद्वार पहुंचकर हरकी पैड़ी पर मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए गंगाजल भरा।
इसके बाद तेजस्वी सूर्या अपने समर्थकों और भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए।
धार्मिक आस्था के साथ युवा संपर्क अभियान
भाजयुमो का कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से युवाओं के बीच सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
चुनावी रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा आयोजन
राजनीतिक जानकार इस यात्रा को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा के युवा आउटरीच अभियान का हिस्सा मान रहे हैं। पार्टी युवाओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रमों पर विशेष जोर दे रही है।
ऐसे में हरिद्वार से ऋषिकेश तक आयोजित यह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
#TejasviSurya #BJP #BJYM #KanwarYatra #Uttarakhand #Haridwar #Rishikesh #UttarakhandElection2027 #Politics #IndiaNews






