रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। रूस ने शुक्रवार को लगातार दसवें दिन यूक्रेन की राजधानी कीव को हवाई हमलों से निशाना बनाया। ताजा हमले में रूसी ड्रोन ने शहर के मध्य स्थित यूक्रेन की सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसी SBU के मुख्यालय को निशाना बनाया। हमले के बाद इमारत में आग लग गई और कम से कम सात लोग घायल हुए।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक, ड्रोन ने SBU के केंद्रीय भवन को निशाना बनाया और उसका लक्ष्य एजेंसी के कार्यवाहक प्रमुख ओलेक्जेंडर पोक्रलाद का कार्यालय था। यह इमारत कीव के केंद्रीय इलाके में सेंट सोफिया कैथेड्रल के सामने स्थित है। हमले के बाद मौके पर आपातकालीन सेवाओं और दमकल टीमों को भेजा गया।
हमले के बाद कीव के आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में एंबुलेंस और राहतकर्मी मौजूद रहे। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हमले में SBU मुख्यालय की इमारत को नुकसान पहुंचा है।
SBU को क्यों बनाया गया निशाना?
SBU यानी Security Service of Ukraine यूक्रेन की प्रमुख सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों में से एक है। युद्ध के दौरान यह एजेंसी रूस के खिलाफ कई अभियानों में सक्रिय रही है और रूस के भीतर सैन्य तथा ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाने वाली यूक्रेनी कार्रवाइयों में भी इसकी भूमिका बताई जाती है।
SBU मुख्यालय पर दिन के समय हुआ यह हमला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि युद्ध के दौरान यूक्रेन की प्रमुख सरकारी इमारतों को सीधे ड्रोन या मिसाइल हमलों में निशाना बनाए जाने के मामले अपेक्षाकृत कम रहे हैं।
हमले के बाद जेलेंस्की ने रूस को जवाब देने की बात कही है। उन्होंने SBU प्रमुख को हमले का उचित और ठोस जवाब तैयार करने का निर्देश दिया है। ऐसे में रूस और यूक्रेन के बीच पहले से जारी तनाव के और बढ़ने की आशंका है।



