तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलसूत्र छीनने की कोशिश कर रहे दो बदमाशों को एक महिला के विरोध का सामना करना पड़ा। खेत में काम कर रही महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद महिला ने डंडे से दोनों की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो चर्चा में है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना संगारेड्डी जिले के जिन्नारम मंडल के सोलकपल्ली गांव की है। गांव की रहने वाली किष्टम्मा खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक उनके पास पहुंचे और उनसे रास्ता पूछने लगे।
बातचीत के दौरान दोनों आरोपियों ने अचानक महिला के गले में पहना करीब तीन तोले का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और बाइक से फरार होने की कोशिश की। महिला ने तुरंत शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
इसके बाद ग्रामीण दोनों को वापस महिला के पास लेकर आए। गुस्से में किष्टम्मा ने डंडा उठाकर दोनों की पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी महिला से रहम की गुहार लगाते नजर आए। ग्रामीणों ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया।
घटना की सूचना मिलने पर जिन्नारम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनकी पहचान वड्डे सायिलु और मीनमपल्ली अरविंद के रूप में की है। दोनों हत्नूर मंडल के मुच्चर्ला गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी के चार से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मामले में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है और दोनों आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस घटना ने इलाके में काफी चर्चा बटोरी है। वहीं, ग्रामीणों की सतर्कता से न केवल आरोपियों को पकड़ा जा सका, बल्कि महिला का मंगलसूत्र भी वापस मिल गया।#Telangana #Sangareddy #ChainSnatching #Mangalsutra #CrimeNews #TelanganaNews #ViralVideo #तेलंगाना #संगारेड्डी






