बिहार के गोपालगंज जिले में एक दर्दनाक रेल हादसे में पत्नी को मायके से वापस लाने जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। थावे जंक्शन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों पैर घुटनों के पास से कट गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान थावे थाना क्षेत्र के रिखई टोला निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद अजहरुद्दीन के रूप में हुई है। वह स्थानीय स्तर पर थावे मंदिर परिसर के आसपास फोटोग्राफी का कार्य करता है।
पत्नी को मनाने उत्तर प्रदेश जा रहा था
परिजनों के अनुसार, किसी पारिवारिक विवाद के बाद अजहरुद्दीन की पत्नी नाराज होकर अपने मायके उत्तर प्रदेश के दुधही चली गई थी। पत्नी को मनाकर वापस घर लाने के लिए वह शुक्रवार को दुधही जाने के लिए निकला था।
इसी दौरान थावे जंक्शन के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
PMCH किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की हालत देखकर परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
#BiharNews #Thawe #TrainAccident #PMCH #Gopalganj #AccidentNews #UPNews #Railway #IndiaNews #BreakingNews






