भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। देश का पहला निजी तौर पर विकसित ऑर्बिटल लॉन्च व्हीकल ‘विक्रम-1’ लॉन्च होने वाला है। इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के स्पेस प्रोग्राम के लिए “एक ऐतिहासिक नई उपलब्धि” बताया है।
‘विक्रम-1’ का प्रक्षेपण हैदराबाद स्थित निजी अंतरिक्ष कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस द्वारा श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से ‘मिशन आगमन’ के तहत किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, लॉन्च सुबह 11:30 बजे होगा।
इस मिशन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार कोई भारतीय निजी कंपनी अपने स्वयं के विकसित लॉन्च व्हीकल के जरिए उपग्रहों को लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में स्थापित करने का प्रयास करेगी। इसे भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ‘विक्रम-1’ की सफल लॉन्चिंग से भारत के निजी स्पेस सेक्टर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी और भविष्य में निजी कंपनियों की अंतरिक्ष अभियानों में भागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा।
#Vikram1 #SkyrootAerospace #ISRO #IndianSpace #MissionAagman #SpaceNews








