बोलिविया में एक सैन्य बैरक में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। वियाचा शहर में शुक्रवार को हुए इस धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। वियाचा राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की संख्या 10 से 15 के बीच हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, विस्फोट स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे उस सैन्य परिसर में हुआ, जहां आतिशबाजी और अन्य पायरोटेक्निक सामग्री रखी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि धमाके की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में इसका स्रोत रक्षा मंत्रालय के पटाखों के भंडार को माना जा रहा है।
विस्फोट के बाद घटनास्थल पर पुलिस, दमकलकर्मियों, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में पहुंचाया गया है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, 14 घायलों को ला पाज के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें एक बच्ची भी शामिल है, जिसे थर्ड-डिग्री बर्न की चोटें आई हैं।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। दमकल अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद गर्मी के स्रोत को देखते हुए एक और विस्फोट की आशंका जताई है। लोगों को एहतियात के तौर पर घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की सलाह दी गई है।
फिलहाल अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित कर दिया है और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद सैन्य परिसर में रखी पायरोटेक्निक सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।



