महाराष्ट्र के धारावी में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के तहत तैयार मतदाता सूची के ड्राफ्ट से लोगों के नाम हटाने के लिए एक ही दिन में 24 आवेदन दाखिल किए गए। इस पर धारावी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
धारावी पुलिस स्टेशन में एक स्थानीय निवासी, गिरधारी स्वामीनाथ जायसवाल के खिलाफ ये मामला दर्ज किया है। इस शख्स पर एसआईआर के तहत तैयार मतदाता सूची के ड्राफ्ट से लोगों के नाम हटाने के लिए एक ही दिन में 24 आवेदन दाखिल करने का आरोप है।
बता दें कि नियम के अनुसार, एक दिन में अधिकतम 10 आवेदन ही जमा किए जा सकते हैं। नाम हटाने के लिए ‘फॉर्म 7’ का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, अगर कोई व्यक्ति गलत जानकारी देकर आवेदन करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। जायसवाल पर भी यही आरोप हैं।
निर्देशों के अनुसार हो रही कार्रवाई
इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम ने कहा, “ईसीआई (ECI) और हमारे कार्यालय के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।” विपक्ष और नागरिक अधिकार समूहों ने पात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ‘फॉर्म 7’ के इस्तेमाल पर चिंता जताई है।
गलत जानकारी के आधार पर आवेदन करने वालों पर होगी कार्रवाई
हालांकि, चुनाव अधिकारियों का कहना है कि गलत जानकारी के आधार पर आवेदन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, और किसी भी आवेदन पर कदम उठाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल की जाती है।






