उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।
इन सीटों पर कुल 14.81 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। 72 जिलों में मतदान के लिए 2697 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। चुनाव में कुल 152 प्रत्याशी मैदान में हैं।
वोटिंग के समय तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी। वहीं, ऐसे सभी कर्मचारी व शिक्षक जो मतदाता हैं उन्हें वोट डालने के लिए शुक्रवार को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा।
यूपी मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने डाला वोट
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने आज उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 खण्ड स्नातक एवं 06 खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए हो रहे मतदान के दौरान पूर्वाह्न 10:00 बजे अपने निर्धारित मतदेय स्थल, बूथ संख्या-224 (स्नातक), केंद्रीय विद्यालय, विकास खण्ड-2, गोमती नगर, लखनऊ में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
विजयीपुर बूथ में हंगामा, सपा का कैमरे बंद कर वोटिंग कराने का आरोप
फतेहपुर: इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव के लिए जिले में 15 मतदान केंद्रों में 25 बूथ बनाए गये हैं। सुबह करीब दस बजे खागा विधानसभा क्षेत्र के विजयीपुर ब्लाक कार्यालय में बनें बूथ नंबर 159 में हंगामा शुरू हो गया। सपा के विधानसभा अध्यक्ष नरेश कोरी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धांधली की जा रही है।
आजमगढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक वाले वाहन से दो लाख 41 हजार पांच सौ रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।






